एसबीआइ एटीएम के गार्ड ने फंदे से लटक कर की खुदकुशी
दुमका, 07 अप्रैल (हि.स.)। शहर के टीन बाजार चौक स्थित एसबीआइ के एटीएम में काम करने वाले गार्ड रोबिन हेम्ब्रम (47) ने सोमवार की कड़हरबिल स्थित घर में फंदे से लटक खुदकुशी कर ली। नगर थाना की पुलिस शव कब्जे में लेकर मंगलवार को पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। बेटी सुनीता हेम्ब्रम के बयान पर पुलिस ने यूडी केस दर्ज किया है। खुदकुशी का कारण पत्नी की बीमारी और उसमें आ रहा खर्च बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार रोबिन ने रविवार को दिन भर एटीएम में डयूटी कर शाम को अपने घर चल गया। सोमवार की सुबह और शाम इंचार्ज धर्मेंद्र ने फोन किया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। धर्मेंद्र के कहने पर मुहल्ले में रहने वाला दूसरा गार्ड जगाने गया, लेकिन अंदर से कमरा बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी कमरा नहीं खोला तो उसने इंचार्ज को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद इंचार्ज और कई गार्ड घर गए और खिड़की के दरवाजे में हाथ मारा। दरवाजे खुलते ही उसका शव फंदे से लटकता पाया। सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच शव को लेकर कानूनी कार्रवाई में जुट गई। मृतक दो बड़ी बेटियां को पिता था। मौत की खबर मिलते ही रानीश्वर स्थित मायके गई पत्नी दोनों बेटियों के साथ घर आई और पति का शव देखकर रो पड़ी। बड़ी बेटी सुनीता हेंंब्रम ने पुलिस को बताया कि कुछ माह से मां की तबीयत खराब चल रही है। उनका बंगाल में इलाज भी चल रहा है। मां को लेकर पिता कुछ परेशान थे। इस बीच मामा की तबीयत भी खराब हो गई। वह मां के साथ मामा को देखने के लिए गई थी, तभी पिता की मौत की खबर मिली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार