अग्रवाल सभा महिला समिति का सावन महोत्सव संपन्न, चार स्टॉल सम्मानित
रांची, 23 जुलाई (हि.स.)।
अग्रवाल सभा महिला समिति के तत्वावधान में महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित 27 वें तीन दिवसीय सावन महोत्सव गुरुवार को संपन्न हुआ।
समापन समारोह के अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चार महिला उद्यमियों को विभिन्न श्रेणियों में बेस्ट स्टॉल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
पुरस्कार पानेवाली महिला उद्धमियों में बेस्ट हैंडीक्राफ्ट के लिए छाया अग्रवाल, बेस्ट एक्सक्लूसिव आइटम्स के लिए माधुरी तोषनीवाल, बेस्ट डिस्प्लेड स्टॉल के लिए श्वेता अग्रवाल और बेस्ट सेल्स वूमनशिप के लिए अनुभा को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समिति ने आयोजन में सहयोग देने वाली सभी महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि अनामिका सिंह (दूरदर्शन, रांची) ने महिला समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनकी प्रतिभा और उद्यमशीलता को नया मंच देते हैं। उन्होंने कहा कि यह मेला लघु और कुटीर उद्योग से जुड़ी महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और
मार्केटिंग का बेहतर अवसर उपलब्ध कराता है। तीन दिवसीय मेले में रांची, जयपुर, कोलकाता, बनारस, भागलपुर और पटना सहित विभिन्न शहरों से आई महिला उद्यमियों ने 100 से अधिक स्टॉल लगाए।
मेले में ज्वेलरी, डिजाइनर साड़ियां, सलवार-सूट, बच्चों के परिधान, राखियां, हस्तशिल्प, पूजा सामग्री, गृह सज्जा और अन्य उत्पादों की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
समापन समारोह में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष मनोज चौधरी, मंत्री निर्मल बुधिया, महिला समिति की संयोजिका रूपा अग्रवाल, अलका सरावगी सहित कई गणमान्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar