लोकतंत्र बचाओ : वोट चोरी और सीट चोरी के विरोध में आरजीपीआरएस का सत्याग्रह

 


रांची, 28 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस का संगठन राजीव गांधी पंचायती राज संगठन (आरजीपीआरएस) की ओर से मंगलवार को रांची के कचहरी चौक स्थित नागा बाबा खटाल के पास लोकतंत्र बचाओ, वोट चोरी एवं सीट चोरी के विरोध में सत्याग्रह किया गया।

सत्याग्रह का उद्देश्य महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के मार्ग पर चलते हुए लोकतंत्र को सशक्त बनाना और जनहित के मुद्दों पर शांतिपूर्ण अपनी आवाज़ बुलंद करना था।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बढ़ते दबाव, चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों और छात्रों के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों पर गंभीर चिंता व्यक्त की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में डॉ सुनील पंवार (राष्ट्रीय अध्यक्ष, (आरजीपीआरएस), कुणाल बनर्जी (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, आरजीपीआरएस) और आशिका कुजूर (प्रभारी, आरजीपीआरएस, झारखंड) शामिल हुए।

मौके पर वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जनभागीदारी, पारदर्शिता और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण से ही संभव है। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों पर अपने विचार रखते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए जनजागरण की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी के बताए सत्य, अहिंसा और जनसेवा के मार्ग पर चलकर लोकतंत्र की रक्षा करने की शपथ ली।

सत्याग्रह के दौरान संगठन ने कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए उनकी राज्यसभा उम्मीदवारी को निरस्त किए जाने के निर्णय का विरोध किया गया।

कार्यक्रम में संगठन के नेताओं ने संकल्प लिया कि लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों को लेकर यह सत्याग्रह अभियान आने वाले दिनों में झारखंड के प्रत्येक जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। ताकि आम जनता की आवाज़ को और अधिक मजबूती दी जा सके।

कार्यक्रम में सुनीत शर्मा, दयामणि बारला, बॉबी भगत, डॉ अमित झा, अभिजीत राज, शांतनु मिश्रा, पवन कुमार बबलू, सहित कांग्रेस और राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak