करम पर्व को लेकर सरना समिति की अपील, नशे से रहें दूर

 




रांची, 21 सितंबर (हि.स.)। करम पूजा से पहले केंद्रीय सरना समिति ने लोगों के लिए जरूरी निर्देश जारी किया है। सोमवार को रांची के कचहरी परिसर स्थित समिति के कार्यालय में करम पर्व की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कांके, बोड़ेया, करम टोली, कोकर, बरियातू और मोरहाबादी समेत कई जगहों से लोग पहुंचे लोग ढोल, नगाड़ा और मांदर लेकर कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत चडरी मौजा के राहुल पाहन ने पारंपरिक तरीके से की। इसके बाद लोगों ने करम के गीत गाए और मांदर की थाप पर जमकर नृत्य किया। समिति ने कहा कि करम पूजा पुरानी परंपरा और पूरे विधि-विधान के साथ मनाई जाए समिति ने लोगों से पूजा के दौरान इन बातों का ध्यान रखने की अपील की है।

पूजा से पहले जावा फूल का इस्तेमाल न करें

-करम डाल काटते समय पूरे नियम का पालन करें

-पूजा गांव या मौजा के पाहन-पुजार की अगुवाई में करें

-पूजा अखाड़े में ही पारंपरिक तरीके से करें

-महिलाएं लाल पाड़ की साड़ी और पुरुष धोती-गंजी पहनकर शामिल हों

-ढोल, नगाड़ा और मांदर जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों का इस्तेमाल करें

नशा करके अखाड़े में न जाएं

-चप्पल-जूते पहनकर अखाड़े में प्रवेश न करें

-पूजा में DJ का इस्तेमाल न करें

-गिरजाघर में करम न गाड़ें

-कथावाचक लोगों को करम की पूरी कहानी सुनाएं

समिति ने जिला प्रशासन से भी कई मांगें की हैं। समिति ने कहा है कि सभी अखड़ा में सुरक्षा की अच्छी व्यवस्था हो, साथ ही पानी, बिजली, शौचालय और साफ-सफाई का भी ध्यान रखा जाए। समिति ने शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने और शहर को विद्युत सजावट से सजाने की भी मांग की है। प्रेस वार्ता में केंद्रीय सरना समिति के संरक्षक भुवनेश्वर लोहरा, संजय तिर्की, महिला अध्यक्ष एंजेल लकड़ा, सत्यनारायण लकड़ा, विमल कच्छप, अमर तिर्की, रामदास उरांव, दशमी टोप्पो, विनय उरांव, प्रमोद एक्का, राधा हेंब्रम और करमटोली मसना समिति के बुधराम उरांव समेत कई लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे