एसबीयू में धूमधाम से मना सरहुल पर्व, छात्रों ने दी सुंदर प्रस्तुती

 


रांची, 20 मार्च (हि.स.)। सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसयूबी) में शुक्रवार को महादेवी बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड क्लिनिकल टेक्नोलॉजी के तत्वावधान में प्रकृति पर्व सरहुल हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक नृत्य संगीत से सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम में छात्रा प्रिया महतो ने सरहुल पर्व के बारे में जानकारी दी।

मौके पर प्राचार्या ने सरहुल पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का पर्व बताया। प्रशासक आशुतोष द्विवेदी ने सरहुल को आदिवासी समुदाय का प्रमुख प्रकृति पर्व बताते हुए कहा कि यह तीन दिनों तक मनाया जाने वाला त्योहार है, जो नए वर्ष के आगमन का प्रतीक है। वहीं, डीन (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ विजय कुमार सिंह ने भी सरहुल के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सरहुल नृत्य प्रस्तुत किया गया।

एसयूबी के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो गोपाल पाठक, कुलपति प्रो सी जगनाथन, राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने राज्यवासियों को सरहुल के अवसर पर शुभकामना संदेश दी है।

कार्यक्रम में संस्थान के प्रशासक आशुतोष द्विवेदी, प्राचार्या डॉ सुबानी बाड़ा और उप-प्राचार्या मीनल श्वेता सहित नर्सिंग फैकल्टी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar