सरस्वती शिशु मंदिर में नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए विद्यार्थियों ने ली शपथ
रामगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जिला प्रशासन एवं जिला समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु मंदिर में नशामुक्ति जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि नशे की लत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाती, बल्कि इससे परिवार की खुशहाली, सामाजिक व्यवस्था और युवाओं का भविष्य भी प्रभावित होता है। वक्ताओं ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चुनौती है। इसे रोकने के लिए युवाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने स्वयं किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने और जीवनभर नशे से दूर रहने की शपथ ली। विद्यार्थियों ने अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। उन्हें शिक्षा, खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला प्रशासन की ओर से आम लोगों से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही समाज को नशे की बुराई से मुक्त बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो, अभियान संस्था के झारखंड को-ऑर्डिनेटर आकाश शर्मा एवं नितेश कुमार मोदी सहित विद्यालय प्रबंधन के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा जिला प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश