रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सुनी ‘मन की बात’

 




रांची, 30 अगस्त (हि.स.)। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रविवार को रांची के गोंदा मंडल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ सुना।

इस अवसर पर सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार सदैव राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करते हैं। ‘मन की बात’ देशवासियों को जोड़ने और भारत की सामूहिक शक्ति को नई ऊर्जा देने का सशक्त माध्यम बन चुका है।

सेठ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च सम्मान ‘ओली दर्जाली दोस्तलिक’ ऑर्डर से सम्मानित किए जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और भारत-उज्बेकिस्तान के बीच सदियों पुराने मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के उनके निरंतर प्रयासों का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया यह 36वां सर्वोच्च अंतरराष्ट्रीय सम्मान है, जो वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा, उनके प्रभावशाली नेतृत्व और मजबूत होती अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों का प्रतीक है। सेठ ने कहा कि 140 करोड़ भारतवासियों के लिए यह गर्व और गौरव का क्षण है।

मौके पर मंडल अध्यक्ष कुंदन सिंह, महामंत्री बलराम सिंह, राम लगन राम, शंकर दुबे, अर्जुन राम, राजेश राम, शंकर करमाली, नकुल तिर्की, पार्षद नयन परमार, विकास रवि, आनंद कुमार, अभिषेक सिंह, राजा भट्टाचार्य, नीरज नायक, नरेंद्र पांडे, संतोष रवि, विजय पंडित, सुमित्रा नाग, मीरा सिंह, रामेंद्र कुमार, प्रदीप लकड़ा, उपेंद्र रजक, अजय सिंह और रजनीश पांडेय सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नशा मुक्ति केंद्र का किया निरीक्षण

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रविवार को रांची मुक्ति फाउंडेशन द्वारा संचालित नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण भी किया। उन्होंने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र पिछले कई वर्षों से बच्चों और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने के लिए सराहनीय एवं प्रेरणादायी कार्य कर रहा है।

संजय सेठ ने कहा कि संस्था अब तक हजारों बच्चों को नशे से मुक्ति दिलाने का काम कर चुकी है। इस अवसर पर सेठ ने बच्चों को नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प दिलाया और केंद्र परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया।

कार्यक्रम में पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, डॉ. रवि, ऐश्वर्या सेठ, भास्कर और दीपक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे