रक्षा राज्यमंत्री ने 251 छठव्रतियों में बांटा सूप-दौरा

 


रांची, 13 नवंबर (हि.स.)। रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ ने शुक्रवार को धुर्वा में छठ महापर्व के अवसर पर 251 छठव्रतियों में सूप और दौरा का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने छठव्रतियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रति सम्मान और सहयोग की भावना व्यक्त की।

इस अवसर पर संजय सेठ ने कहा कि लोक आस्था का महापर्व छठ झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व आत्मसंयम, अनुशासन, स्वच्छता, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है। भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना से जुड़े इस पर्व में सेवा, सहयोग और सामूहिक सहभागिता की विशेष महत्ता है।

उन्होंने कहा कि छठव्रती माताओं और बहनों की सेवा और सहयोग का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। छठ सिर्फ धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सद्भाव का भी प्रतीक है। संजय सेठ ने भगवान भास्कर और छठी मईया से झारखंडवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, महामंत्री बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, कामेश्वर सिंह, उमेश यादव, वीरेंद्र यादव, चंदन पटेल और दीपक लोहरा सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar