सफाईकर्मियों ने वेतन वृद्धि और सुरक्षा उपकरण की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
रांची, 15 अक्टूबर (हि.स.)।
झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन (सीटू) की ओर से नगर निगम के सफाईकर्मियों नेे मासिक वेतन 18 हजार रुपये करने, बोनस देने और सफाई के लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने सहित अन्य मांगों को लेकर गुरूवार को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के सामने धरना प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर यूनियन के अध्यक्ष भवन सिंह ने नगर निगम प्रशासन पर सफाईकर्मियों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
भवन सिंह ने कहा कि सफाईकर्मी दिन-रात शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन उन्हें बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। कई बार नगर निगम प्रशासन को लिखित आवेदन देने के बावजूद उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि शहर को चार जोन में बांटकर सफाई कराई जाती है। कर्मियों को केवल एक ड्रेस दी जाती है, जबकि सड़क और नालियों की सफाई के दौरान ग्लव्स तक उपलब्ध नहीं कराए जाते। कई बार झाड़ू भी नहीं मिलती, जिससे कर्मियों को अपने पैसे से झाड़ू खरीदनी पड़ती है।
मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष एसके राय ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में करीब दो हजार सफाईकर्मी कार्यरत हैं, जिनमें लगभग 500 कचरा उठाव का काम करते हैं। इसके बावजूद सुरक्षा उपकरण और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीमार पड़ने पर वेतन काटने और काम से हटाने की धमकी दी जाती है। एसआई कार्ड होने के बावजूद इलाज का लाभ नहीं मिल रहा है और बोनस भी लंबित है।
प्रदर्शनकारियों ने बहुबाजार ओवरब्रिज के पास आंदोलन के प्रमुख कार्यकर्ताओं को कार से दूसरी जगह ले जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने वेतन वृद्धि, बोनस, सुरक्षा उपकरण और श्रमिकों के उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की।
मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष एसके राय, प्रतीक मिश्रा, प्रकाश टोप्पो, प्रफुल लिंडा और सुखनाथ लोहरा सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar