चार सामाजिक संकल्पों को लेकर छह अक्टूबर को जुटेंगे सनातन प्रेमी
रांची, 05 अक्टूबर (हि.स.)। श्री माहेश्वरी सभा रांची की अगुवाई में शहर की विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से छह अक्टूबर को समागम का आयोजन किया जाएगा। सेवा सदन पथ स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के हॉल में शाम पांच बजे होने वाले इस कार्यक्रम में चार सामाजिक संकल्पों को लेकर सनातन प्रेमी जुटेंगे।
श्री माहेश्वरी सभा रांची के कार्यालय में सोमवार को आयोजित बैठक में समागम की तैयारियों और आयोजन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। सभा के रोहित शारदा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सभा के अध्यक्ष मुकेश काबरा के नेतृत्व में आयोजित समागम में गौ संरक्षण, भोजन की बर्बादी रोकने, नवरात्र में पुरानी परंपरा के अनुसार शस्त्र पूजन करने और मरणोपरांत नेत्रदान का संकल्प प्रमुख रहेगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सह राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा और प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य सनातन धर्म से जुड़े इन चार सामाजिक संकल्पों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम की सफलता के लिए वासुदेव भाला और रमन बोड़ा को संयोजक बनाया गया है। माहेश्वरी युवा संगठन के सचिव हर्षित चितलांगिया सहित कई सदस्य आयोजन में सक्रिय रूप से जुड़े हैं। सचिव मनोज कल्याणी, निवर्तमान अध्यक्ष किशन साबू, उपाध्यक्ष गोवर्धन भाला, कोषाध्यक्ष मनोज काबरा सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी आयोजन की तैयारियों में योगदान दे रहे हैं।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar