बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम के लिए चलेगा सम्पूर्ण शिक्षा अभियान
रामगढ़, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और आगामी 10 वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने ‘सम्पूर्ण शिक्षा अभियान’ की शुरुआत की है। गुरुवार को जिला समाहरणालय के सभागार में डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में बोर्ड परीक्षार्थियों की तैयारी, पाठ्यक्रम की स्थिति, ऑनलाइन कक्षाओं और विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता की समीक्षा की गई।
डीसी ने सभी विषयों के शिक्षकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पाठ्यक्रम पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले पर्याप्त समय दोहराई और मॉडल प्रश्नपत्रों के अभ्यास के लिए मिल सके। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने और बेहतर मार्गदर्शन देने को कहा।
बैठक में डीसी ने कहा कि बोर्ड परीक्षा में जिले के बेहतर प्रदर्शन के लिए शिक्षा विभाग, विद्यालय प्रभारियों और शिक्षकों के बीच लगातार समन्वय जरूरी है। उन्होंने हाल में संपन्न अर्धवार्षिक परीक्षाओं को सुचारू रूप से कराने के लिए शिक्षकों, विद्यालय प्रभारियों और शिक्षा विभाग की पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अर्धवार्षिक परीक्षा का अनुभव बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए मजबूत आधार बनेगा।
सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध स्मार्ट कक्षाओं और कंप्यूटर प्रयोगशालाओं का शत-प्रतिशत प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए सभी आईसीटी शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया गया। वहीं, जिन विद्यालयों में किसी विषय के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, वहां दूसरे विद्यालयों से शिक्षकों की व्यवस्था करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए ‘फिलो’ ऐप आधारित दोतरफा लाइव डिजिटल कक्षाएं भी संचालित की जा रही हैं। इसके माध्यम से पाठ्यक्रम को समय पर पूरा कराने के साथ विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान और पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहायता देने पर जोर दिया जा रहा है।
समीक्षा के दौरान ऑनलाइन कक्षाओं और विद्यार्थियों की उपस्थिति में लापरवाही से जुड़ी व्यवस्थाओं पर डीसी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी पदाधिकारी, गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील, जिला शिक्षा अधीक्षक खुशबू कुमारी, सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश