गांजा तस्करी मामले में सैलून संचालक गिरफ्तार
रांची, 22 जून (हि.स.)। रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सैलून दुकान से करीब 3.9 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस ने सैलून संचालक तीजनाथ हजाम (44) को गिरफ्तार किया है। आरोपित तमाड़ थाना क्षेत्र के देउड़ी गांव का रहने वाला है। इस संबंध में तमाड़ थाना (कांड संख्या-36/2026) दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा-20 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मां होटल के समीप पतरा जंगल की ओर जाने वाली सड़क किनारे स्थित एक सैलून दुकान में अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर सैलून दुकान की तलाशी ली, जहां से करीब 3.9 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया गया। एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि गुप्त सूचना के सत्यापन के बाद गठित टीम ने तमाड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी की। तलाशी के दौरान सैलून दुकान से करीब 3.9 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपित बरामद मादक पदार्थ के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद बरामद गांजे को विधिवत जब्त करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
छापेमारी दल में बुंडू एसडीपीओ ओमप्रकाश, तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो, सहायक अवर निरीक्षक कुलदेव तांती तथा तमाड़ थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थेे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे