अस्मिता हॉकी सिटी लीग: साई और बरियातू की टीम ने दर्ज की जीत
रांची, 11 अक्टूबर (हि.स.)। खेलो इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत हॉकी झारखंड के तत्वावधान में रविवार को रांची और गुमला में अस्मिता हॉकी सिटी लीग का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग की महिला हॉकी खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस लीग का उद्देश्य बालिकाओं और युवतियों को हॉकी से जोड़ना तथा जमीनी स्तर पर महिला हॉकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।
रांची के मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में छह टीमों के बीच तीन मुकाबले खेले गए। पहले मैच में साई रांची ने सपारोम को 5-0 से हराया। दूसरे मुकाबले में अंडर-17 नेहरू स्टार टीम ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को 3-0 से पराजित किया। तीसरे मैच में गवर्नमेंट गर्ल हाई स्कूल, बरियातू ने हुलहुंडू को 6-0 से शिकस्त दी।
गुमला में संत इग्नेशियस उच्च विद्यालय हॉकी स्टेडियम में भी प्रतियोगिता आयोजित की गई।
रांची में मैचों का उद्घाटन संजय झा और हॉकी झारखंड के डीजी विजय शंकर सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मौके पर बताया गया कि लीग का अगला आयोजन 14 अक्टूबर को सिमडेगा और खूंटी में होगा।
कार्यक्रम में झारखंड कुश्ती संघ के महासचिव और अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रशिक्षक रजनीश कुमार, हॉकी रांची के मनोज प्रधान, प्रमोद केरकेट्टा और दुलारी तोपनो सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar