नगर निगम के शिविर में सफाई मित्रों की हुई स्वास्थ्य जांच

 


रांची, 30 सितंबर (हि.स.)।

स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत रांची नगर निगम की ओर से सफाई मित्रों के लिए बुधवार को स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

इस दौरान निगम अंतर्गत संचालित अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर और बकरी बाजार स्टोर में आयोजित सफाई मित्र सुरक्षा और सम्मान शिविर के माध्यम से विभिन्न वार्डों में कार्यरत कई सफाई मित्रों की स्वास्थ्य जांच की गई।

स्वास्थ्य जांच के दौरान महिला सफाई मित्रों में खून की कमी और दृष्टि संबंधी समस्याएं सामने आईं। वहीं पुरुष सफाई मित्रों में शुगर और उच्च रक्तचाप से संबंधित मामले पाए गए। चिकित्सकों ने संबंधित सफाई मित्रों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। निगम की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि जांच के बाद सबों को जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।

साथ ही नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी गई। रांची नगर निगम के अनुसार, शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रतिदिन शहर को स्वच्छ रखने और नागरिकों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने वाले इन कर्मियों के स्वास्थ्य की देखभाल निगम की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। निगम की ओर से कहा गया कि सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और कल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रखे जाएंगे।

शिविर के माध्यम से सफाई मित्रों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar