झारखंड के सभी सदर अस्पताल होंगे डिजिटल हेल्थ सेंटर, रॉडिक कंपनी से हुआ एमओयू
-एक क्लिक पर मिलेगी डॉक्टर-दवा की जानकारी, झारखंड के सभी सदर अस्पताल होंगे डिजिटल
रांची, 25 अगस्त (हि.स.)। झारखंड के सभी ज़िलों के सदर अस्पतालों को डिजिटल सेवाओं और ऑनलाइन सिस्टम से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार को रांची के नेपाल हाउस में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग और रोडिक कंपनी के बीच इस पहल को लेकर एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस मौके पर कहा कि स्वास्थ्य सेवा केवल अस्पताल और इलाज उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीजों को सही समय पर सही जानकारी और गुणवत्तापूर्ण सेवा उपलब्ध कराना भी जरूरी है। डिजिटल तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सदर अस्पतालों को आधुनिक डिजिटल हेल्थ सेंटर के रूप में विकसित करना है। यहां मरीजों को अस्पताल से जुड़ी जरूरी जानकारियां एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। एक क्लिक पर चिकित्सकों, उपलब्ध दवाओं और अस्पताल की अन्य सुविधाओं की जानकारी मिल सकेगी।
नई व्यवस्था के तहत सदर अस्पतालों में डिजिटल बोर्ड लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों, उपलब्ध दवाओं और अन्य सुविधाओं की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को जानकारी के लिए अलग-अलग काउंटरों और विभागों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी और समय की बचत होगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सदर अस्पतालों को केवल इलाज के केंद्र के बजाय आधुनिक तकनीक से लैस स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। डिजिटल व्यवस्था से मरीजों को सेवाओं की जानकारी आसानी से मिलने के साथ अस्पताल प्रबंधन में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि डिजिटल तकनीक समय की जरूरत है। इससे मरीजों को बेहतर सूचना उपलब्ध कराने के साथ अस्पतालों की सेवाओं और संसाधनों की निगरानी भी प्रभावी तरीके से की जा सकेगी।
एमओयू के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के महानिदेशक (एमडी) शशि प्रकाश झा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar