सदर अस्पताल का होगा जी प्लस 6 भवन, मरीज को मिलेगी अत्याधुनिक सुविधा
रामगढ़, 10 जून (हि.स.)। रामगढ़ जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा परिवर्तन होने की संभावना है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह रामगढ़ पहुंचे तो उन्होंने सदर अस्पताल, ट्रामा सेंटर और यहां होने वाले विकास कार्यों पर गंभीरता से चर्चा की।
रामगढ़ सदर अस्पताल में 250 अतिरिक्त बेड के लिए जी प्लस 6 भवन निर्माण पर हुई चर्चा की। साथ ही डीसी और सिविल सर्जन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने रामगढ़ जिले का दौरा कर जिले में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा आधारभूत संरचनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का भ्रमण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सबसे पहले अपर मुख्य सचिव ने कांकेबार स्थित ट्रॉमा सेंटर भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रॉमा सेंटर में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, उपकरणों और आपातकालीन सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति में बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ट्रॉमा सेंटर के मॉड्यूलर सिस्टम को अपग्रेड करने का निर्देश दिया। साथ ही ट्रॉमा सेंटर भवन के प्रथम तल पर अतिरिक्त निर्माण कार्य कराए जाने की संभावनाओं एवं आवश्यकताओं पर भी चर्चा की गई। इस संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक तकनीकी परीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए।
इसके बाद अपर मुख्य सचिव ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने गायनेकोलॉजी ओपीडी, ईएनटी ओपीडी, नेत्र रोग (आई) ओपीडी, डेंटल ओपीडी सहित अन्य विभागों का अवलोकन कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, चिकित्सकीय सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने ऑपरेशन थिएटर (ओटी), स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू), डायलिसिस सेंटर, डॉक्टर क्वार्टर, स्टाफ क्वार्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों का निरीक्षण किया।
डॉक्टर और स्टाफ क्वार्टर की वर्तमान स्थिति का जायजा लेने के बाद उन्होंने पुराने डॉक्टर और स्टाफ क्वार्टर को हटाकर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त 10 मंजिला आवासीय भवन के निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा की और इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में अपर मुख्य सचिव ने डीसी ऋतुराज के साथ सदर अस्पताल परिसर में 250 अतिरिक्त बेड की क्षमता वाले नए भवन के निर्माण को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान बताया गया कि भवन का निर्माण जी प्लस 6 (ग्राउंड प्लस छह मंजिला) मॉडल पर किया जाएगा। अपर मुख्य सचिव ने संबंधित अभियंताओं को भवन निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने, सभी तकनीकी मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा भविष्य की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण आधारभूत संरचना विकसित करने के निर्देश दिया।
दौरे के क्रम में अपर मुख्य सचिव ने सिविल सर्जन कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मौके पर डीसी ऋतुराज, डीडीसी आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारी, अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश