रांची सदर अस्पताल को मिला नेशनल गुणवत्ता प्रमाणन, झारखंड का पहला ‘मुस्कान’ प्रमाणित अस्पताल बना
रांची, 03 जून (हि.स.)। रांची के सदर अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और बाल-अनुकूल चिकित्सा सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल को केंद्र सरकार के ‘मुस्कान’ कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन (नेशनल क्वालिटी सर्टिफिकेशन) प्रदान किया गया है। इसके साथ ही रांची सदर अस्पताल झारखंड का पहला सरकारी अस्पताल बन गया है जिसे यह प्रतिष्ठित प्रमाणन प्राप्त हुआ है।
अस्पताल प्रशासन की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रीय मूल्यांकन प्रक्रिया में सदर अस्पताल ने 96.61 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। यह मूल्यांकन 29 और 30 अप्रैल, 2026 को नेशनल असेसर टीम द्वारा किया गया था। मूल्यांकन के दौरान अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों के अनुभव और विभिन्न गुणवत्ता मानकों की विस्तृत जांच की गई।
सदर अस्पताल के कई विभागों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उच्च अंक प्राप्त किए। स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) को 98 प्रतिशत, पीडियाट्रिक वार्ड को 97.96 प्रतिशत तथा पीडियाट्रिक ओपीडी को 93.84 प्रतिशत अंक मिले। इन परिणामों ने अस्पताल की बाल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित किया है।
मूल्यांकन के दौरान सेवा प्रावधान, मरीजों और उनके परिजनों की प्रतिक्रिया, संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था, क्लिनिकल प्रोटोकॉल के अनुपालन तथा बच्चों के लिए अनुकूल और सुरक्षित वातावरण जैसे महत्वपूर्ण मानकों का आकलन किया गया। अस्पताल ने इन सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए निर्धारित मानकों को सफलतापूर्वक पूरा किया।
अस्पताल प्रशासन ने इस उपलब्धि को चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्यकर्मियों और प्रशासनिक टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया है। अधिकारियों का कहना है कि यह प्रमाणन न केवल रांची सदर अस्पताल के लिए गौरव का विषय है, बल्कि पूरे झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
अस्पताल प्रबंधन को उम्मीद है कि इस सफलता से राज्य के अन्य सरकारी अस्पतालों को भी गुणवत्ता सुधार और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रेरणा मिलेगी। साथ ही, भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि ‘मुस्कान’ पहल केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में बच्चों को बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस कार्यक्रम के तहत अस्पतालों में बच्चों के अनुकूल माहौल, गुणवत्तापूर्ण उपचार व्यवस्था और मरीज-केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा दिया जाता है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे