ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त किए बगैर विकास संभव नहीं : दीपिका
रांची, 11 सितंबर (हि.स.)। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शुक्रवार को नाबार्ड की ओर से रांची में आयोजित ग्रामीण भारत महोत्सव क्लासिक एक्सपो 2026 के छठे संस्करण का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जेएसएलपीएस के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इससे रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त किए बिना समावेशी विकास संभव नहीं है। ऐसे आयोजन ग्रामीण उत्पादों को बाजार और पहचान दिलाने के साथ उत्पादकों को उचित मूल्य दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मौके पर उन्होंने एक्सपो में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर बुनकरों, कारीगरों और महिला समूहों की ओर से तैयार उत्पादों की जानकारी ली और उनका उत्साह बढ़ाया। एक्सपो में देशभर से आए बुनकरों और कारीगरों ने हैंडलूम, हस्तशिल्प और ग्रामीण उत्पादों का प्रदर्शन किया है।
मंत्री ने कहा कि बायर्स–सेलर्स मीट के माध्यम से ग्रामीण उत्पादकों को बड़े बाजार से सीधे जुड़ने का अवसर मिल रहा है। दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि कृषि के साथ आय के अतिरिक्त स्रोत ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाते हैं। ग्रामीण विकास विभाग और जेएसएलपीएस के माध्यम से महिला समूहों को स्वरोजगार, प्रशिक्षण, बाजार और वित्तीय अवसरों से जोड़ने का कार्य जारी है। उन्होंने आसान ऋण और बेहतर बैंकिंग सुविधाओं पर भी जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि झारखंड के ग्रामीण हुनर, महिलाओं की मेहनत और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर पर नाबार्ड के अधिकारी, बुनकर, कारीगर, महिला समूहों के प्रतिनिधि और अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar