दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन के निधन पर विभिन्न दलों ने जताया गहरा शोक
रांची, 07 अक्टूबर (हि.स.)। दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन पर इंडी गठबंधन के अलावा विपक्षी दलों ने बुधवार को गहरा शोक प्रकट किया है।
शोक प्रकट करते हुए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि दिवंगत रूपी सोरेन की
आत्मा को मरांग बुरु को अपने निज धाम में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह वज्रपात सहने की शक्ति प्रदान करें।
वहीं जदयू के विधायक सरयू ने शोक प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।
सरयू राय ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता के निधन की सूचना बेहद मर्माहत करने वाली है। उन्होंने एक सफल और सार्थक जीवन जिया और अपने पीछे भरा-पूरा परिवार और मातृवत् स्नेह पाने वाले हजारों लोगों की विरासत छोड़ी है।
उन्होंने कहा कि दिवंगत माताजी का स्नेह और व्यक्तित्व हमेशा लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगा।
सरयू राय ने ईश्वर से पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और समस्त परिजनों एवं समर्थकों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति : कांग्रेस
रूपी सोरेन के निधन पर प्रदेश कांग्रेस ने भी गहरा शोक जताया है।
उनके निधन पर प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
के. राजू और केशव महतो कमलेश ने कहा कि रूपी सोरेन का निधन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। इस कठिन और दुख की घड़ी में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इधर, रूपी सोरेन के आकस्मिक निधन की सूचना पर प्रदेश राजद के नेताओं ने भी गहरा शोक प्रकट किया है। उनके निधन की सूचना के बाद पार्टी की ओर से प्रस्तावित मशाल जुलूस एवं जिलों के प्रखंड स्तरीय सभी कार्यकमों अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी प्रदेश राजद के प्रवक्ता कैलाश यादव ने दी। वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सिंह यादव, श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान, विधायक नरेश सिंह, पूर्व मंत्री सत्यानन्द भोक्ता, पूर्व विधायक गौतम सागर राणा सहित अन्य, पदाधिकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak