मारवाड़ी युवा मंच की ओर से दो अगस्त को सामूहिक रुद्राभिषेक और भजन जैमिंग संध्या का आयोजन

 


रांची, 01 अगस्त (हि.स.)। मारवाड़ी युवा मंच, रांची शाखा की ओर से सावन माह के अवसर पर दो अगस्त को डंगराटोली स्थित स्वर्णभूमि बैंक्वेट हॉल में सामूहिक रुद्राभिषेक एवं भजन जैमिंग संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को आयोजित बैठक में आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।

शाखा अध्यक्ष विकास अग्रवाल ने बताया कि सुबह आठ बजे से 31 दंपतियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सामूहिक रुद्राभिषेक कराया जाएगा। भगवान शिव की कृपा, समाज में सुख-शांति, समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना के साथ आयोजित इस अनुष्ठान के लिए महाराष्ट्र के नासिक से विद्वान वैदिक आचार्यों का दल रांची पहुंच चुका है। प्रत्येक दंपति का रुद्राभिषेक एक-एक आचार्य के सान्निध्य में वैदिक विधि-विधान से संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि आयोजन स्थल की सीमित क्षमता को देखते हुए इस बार 51 के स्थान पर 31 दंपतियों को शामिल किया गया है।

शाखा सचिव मुकेश शर्मा ने बताया कि शाम सात बजे से पहली बार भजन जैमिंग संध्या का आयोजन होगा। इसमें केशवम् डिवोशनल रॉक बैंड भगवान शिव की स्तुति और भक्तिमय संगीत की प्रस्तुति देगा।

मंच के प्रवक्ता अमित शर्मा ने कहा कि आधुनिक संगीत और पारंपरिक भजनों का यह समन्वय श्रद्धालुओं को एक नया आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि आयोजन को लेकर पूजा सामग्री, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था तथा प्रसाद वितरण सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

रुद्राभिषेक के संयोजक मनीष लोधा और अमित चौधरी हैं, जबकि भजन जैमिंग संध्या के संयोजक विकास अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, सौरव बजाज और निकुंज पोद्दार बनाए गए हैं।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar