आरएसएस के स्वयंसेवकों ने जगन्नाथ रथयात्रा पर किया सेवा कार्य

 




रांची, 16 जुलाई (हि. स.)। भगवान श्रीजगन्नाथ की पावन रथयात्रा के अवसर पर गुरुवार को रांची स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर में रांची महानगर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवकों की ओर से सेवाकार्य किया गया।

प्रातः 04 बजे से दोपहर 03 बजे तक 200 से अधिक स्वयंसेवक मंदिर के गर्भगृह से भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा के विग्रहों को विधिवत नीचे लाने, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के सुचारु आवागमन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संचालन में पूर्ण समर्पण, अनुशासन और सेवाभाव के साथ निरंतर सक्रिय रहे।

इस सेवाकार्य में राष्ट्र सेविका समिति, रांची महानगर की 15 महिला सदस्‍यों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से समाज जीवन के विविध क्षेत्रों में सेवा, संगठन और सामाजिक समरसता की भावना से निरंतर सेवाकार्य किए जाते हैं। भगवान श्रीजगन्नाथ की रथ यात्रा के अवसर पर किया गया यह सेवाकार्य भी समाज के प्रति उत्तरदायित्व, अनुशासन और निस्वार्थ सेवा की उसी परंपरा का सशक्त उदाहरण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे