आरपीएफ ने आठ लाख का गांजा जब्त किया
रांची, 31 जुलाई (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन नार्कोस के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हटिया रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन से 16 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार पोस्ट मुरी की आरपीएफ एस्कॉर्ट पार्टी के प्रभारी उपनिरीक्षक सचिन कुमार ने ट्रेन के एस-4 कोच के शौचालय के पास दो संदिग्ध लावारिस बैग पड़े होने की सूचना आरपीएफ पोस्ट हटिया और फ्लाइंग टीम, आरपीएफ रांची को दी। सूचना मिलते ही टीम सतर्क हो गई और ट्रेन के शुक्रवार की सुबह लगभग 7 बजे हटिया रेलवे स्टेशन पहुंचने पर संबंधित कोच की गहन तलाशी ली गई।
आरपीएफ जवानों ने पहले कोच में मौजूद यात्रियों से दोनों बैगों के संबंध में पूछताछ की, लेकिन कोई भी यात्री बैग का दावा करने आगे नहीं आया। इसके बाद दोनों बैगों को सुरक्षा के साथ प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर उतारकर नियमानुसार जांच की गई। घटना की सूचना तत्काल रांची के सहायक सुरक्षा आयुक्त पी.एस. नेगी को दी गई, जिनके पर्यवेक्षण में सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए बैगों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों बैगों से एक-एक पैकेट बरामद हुआ। डीडी किट से जांच करने पर दोनों पैकेटों में गांजा होने की पुष्टि हुई। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर प्रत्येक पैकेट का वजन 8-8 किलोग्राम पाया गया। इस प्रकार कुल 16 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है। बरामद गांजा को फ्लाइंग टीम, आरपीएफ रांची के उपनिरीक्षक रवि शेखर ने विधिवत जब्त किया। सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मौके पर ही जब्त सामग्री को सील किया गया। इसके बाद जब्त गांजा, जब्ती सूची और लिखित शिकायत को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी हटिया को सौंप दिया गया।
रांची के सहायक सुरक्षा आयुक्त पीएस नेगी ने बताया कि रेलवे के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए आरपीएफ लगातार ऑपरेशन 'नारकोस' चला रही है। यात्रियों की सुरक्षा और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक हमारी प्राथमिकता है। इस मामले में बरामद गांजा को नियमानुसार जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया है और संबंधित एजेंसियां आगे की जांच कर रही हैं। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
अभियान में आरपीएफ पोस्ट हटिया के एएसआई प्रभात कुमार, कांस्टेबल कुमार पप्पू, फ्लाइंग टीम आरपीएफ रांची के उपनिरीक्षक रवि शेखर, कांस्टेबल हेमंत और दिलीप कुमार जीतरवाल, तथा आरपीएफ पोस्ट मुरी की एस्कॉर्ट पार्टी के प्रभारी उपनिरीक्षक सचिन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे