आरपीएफ ने पांच सांप के साथ दो तस्कर को किया गिरफ्तार

 


रांची, 13 अगस्त (हि.स.)। वन्य जीवों की अवैध तस्करी और उनके शोषण के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन वाइलेप के तहत रांची रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की गई है। आरपीएफ की रांची पोस्ट की टीम ने नियमित जांच के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को पांच सांपों के साथ पकड़ा है। बरामद सांपों में दो लाल रेत बोआ (दोमुंहा सांप) और तीन चश्माधारी नाग शामिल हैं।

रेल पुलिस की ओर से दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 13 अगस्त को रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर आरपीएफ के पदाधिकारी और जवान नियमित जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान टीम की नजर दो संदिग्ध व्यक्तियों पर पड़ी। संदेह के आधार पर दोनों को रोक कर पूछताछ की गई और उनके सामान की तलाशी ली गई।

पूछताछ में दोनों की पहचान आनंद नाथ और अर्जू के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के पास मौजूद बांस की टोकरियों की जांच की गई। टोकरियों के अंदर जीवित सांप मिलने से आरपीएफ के जवानों के होश उड़ गए। जांच में कुल पांच सांप बरामद किए गए। इनमें दो लाल रेत बोआ, जिन्हें आम बोलचाल में दोमुंहा सांप कहा जाता है और तीन चश्माधारी नाग शामिल थे।

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों व्यक्तियों ने बताया कि इन सांपों को जंगल से पकड़ कर लाया गया था। कथित तौर पर इनका इस्तेमाल सार्वजनिक प्रदर्शन कर पैसे कमाने के लिए किया जाना था। वन्यजीवों को इस तरह पकड़ना, उनका परिवहन करना और प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल करना कानूनन गंभीर मामला है। आरपीएफ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बरामद सांपों को सुरक्षित रखा और दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्तियों, पांचों सांपों और संबंधित दस्तावेजों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए वन परिक्षेत्र पदाधिकारी रांची के सुपुर्द कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे