रोहित शारदा बने राम भरत मिलाप समिति के अध्यक्ष

 


रांची, 27 अक्टूबर (हि.स.)। श्री राम भरत मिलाप समिति, डोरंडा बाजार की ओर से रांची में बैठक का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर सर्वसम्मति से रोहित शारदा को समिति का अध्यक्ष चुना गया। निर्वाचित अध्यक्ष को महामंत्री नम्रता सोनी, कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम दास सहित 11 पदाधिकारियों और 21 कार्यकारिणी सदस्यों के मनोनयन की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को संध्या पांच बजे से गांधी मैदान, डोरंडा में श्री राम भरत मिलाप का वार्षिक उत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान भव्य मंचन और नृत्य प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र होंगे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि समिति वर्ष 1971 से लगातार गांधी मैदान, डोरंडा में श्री राम भरत मिलाप का आयोजन करती आ रही है। कार्यक्रम को लेकर समिति के सदस्यों ने तैयारियों पर चर्चा की और आयोजन से संबंधित पोस्टर का विमोचन किया।

इससे पहले समिति के संरक्षक बीके विजय ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की। उन्होंने रोहित शारदा के नाम का प्रस्ताव अध्यक्ष पद के लिए रखा, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।

बैठक में महेश विजय, प्रिंस पांडेय, अनूप बर्मन, प्रिया सिन्हा, सौरभ विजय, विवेक आर्य, प्रीति कुमारी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar