रोटरी क्लब रामगढ़ ने कारगिल के अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
रामगढ़, 27 जुलाई (हि.स.)। कारगिल विजय दिवस की 27 वीं वर्षगांठ के अवसर पर रोटरी क्लब ने रोटरी हॉल सभागार में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में भारतीय सशस्त्र बलों के वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कारगिल के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छावनी परिषद रामगढ़ के अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने कहा कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने दुर्गम पहाड़ियों, विषम परिस्थितियों और कठिन मौसम के बीच अद्वितीय साहस का परिचय देते हुए देश की सीमाओं की रक्षा की।
रोटेरियन सुरेश बगड़िया एवं अरुण राय ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। भारतीय सेना ने विषम परिस्थितियों में दुश्मनों को परास्त कर तिरंगे की आन, बान और शान की रक्षा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन रोटेरियन अमरेश गणक ने किया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब रामगढ़ की ओर से मुख्य अतिथि विवेक सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रोटेरियन डॉ एके बरेलिया, सुरेश पी. अग्रवाल, सुरेश बगड़िया, अरुण राय, कमलेश्वर सिंह, अमरेश गणक, सुरेश बौंदिया, आशीष दास, राजेश कुमार, राजेंद्र जैन, संजीव सिंह संजू, अनिल गर्ग, आलोक रतन चौधरी, संजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश