कांके से प्रोजेक्ट भवन तक सड़क होगी अतिक्रमण मुक्त, तीन प्रवर्तन टीमें गठित

 


रांची, 02 जुलाई (हि.स.)।

रांची नगर निगम शहर को जाम और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए कांके राम मंदिर चौक से जस्टिस एलपीएन शाहदेव चौक, रातू रोड, हरमू बाइपास होते हुए प्रोजेक्ट भवन तक विशेष अभियान चलाएगा।

नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में गुरूवार को उनके कार्यालय कक्ष में हुई समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके साथ ही पूरे कॉरिडोर को चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण मुक्त, सुरक्षित, स्वच्छ और हरित मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित करने का फैसला लिया गया। इस अवसर पर नगर आयुक्त ने ऑटो चालकों से अवैध वसूली करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए और नागरिकों से भी गोपनीय रूप से सूचना और वीडियो साक्ष्य उपलब्ध कराने की अपील की।

बैठक में सड़क और फुटपाथ पर अवैध सब्जी दुकानें, अस्थायी ठेले, अनधिकृत पार्किंग, अवैध होर्डिंग, अव्यवस्थित ऑटो स्टैंड, दुकान विस्तार और अवैध मीट-चिकन दुकानों को यातायात बाधित करने का प्रमुख कारण बताया गया।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने के साथ फुटपाथ, पार्किंग, ऑटो स्टैंड और वेंडिंग जोन का भी वैज्ञानिक ढंग से प्रबंधन किया जाए। अभियान की निगरानी के लिए तीन विशेष प्रवर्तन टीमों का गठन किया जाएगा। इनमें एक टीम पूरे कॉरिडोर में दिन-रात निगरानी करेगी, ताकि हटाए गए अतिक्रमण की पुनरावृत्ति न हो।

भू-संपदा शाखा सड़क किनारे सरकारी भूमि की मापी करेगी, जबकि अभियंत्रण शाखा नए फुटपाथ निर्माण की कार्ययोजना तैयार करेगी। पूरे मार्ग पर वर्टिकल गार्डन, ग्रीन पैच और वॉल पेंटिंग के माध्यम से सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। बैठक में नगर आयुक्त् के अलावे कई अधिकारी-पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar