जेएलकेएम नेता की पहल पर श्रमदान से बनी कच्ची सडक
रांची, 26 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड गठन के 26 वर्ष बाद भी जब सरकार ने ग्रामीणों के लिए सडक नहीं बनाई तो नाखुश ग्रामीणों की टोली ने शुक्रवार को झारखंड लोक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केन्द्रीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो की अगुवाई में कच्ची सडक बनाना शुरू किया।
मौके पर देवेन्द्र नाथ ने कहा कि रांची जिले के राहे प्रखंड स्थित भेड़ियागढ़ा मुंडा टोली में लगभग तीन पीढ़ियों से सड़क नहीं थी। गांव तक बाइक भी नहीं पहुंच पाती थी, इससे बच्चों की पढ़ाई, महिलाओं की आवाजाही और मरीजों के इलाज में कठिनाई होती थी। कई ग्रामीण क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने एक सप्ताह पूर्व ही उन्हें समस्या से अवगत कराया था। इसके बाद महतो ने पहल करते हुए ग्रामीणों के साथ श्रमदान का आह्वान किया। सामूहिक प्रयास से मुंडा टोली में कच्ची सड़क का निर्माण पूरा किया गया। देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह ग्रामीण एकजुटता और श्रमदान की शक्ति का उदाहरण है। तीन पीढ़ियों बाद पहली बार गांव तक सड़क बनने से बच्चों को स्कूल जाने, महिलाओं को बाजार पहुंचने और मरीजों को समय पर अस्पताल ले जाने में सुविधा होगी। सड़क निर्माण कार्य में जगन्नाथ मुंडा, प्रदीप मुंडा, सोनू मुंडा, महावीर मुंडा, ब्रजकिशोर मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने श्रमदान कर योगदान दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar