सड़क हादसे में बिहार के श्रद्धांलु सहित तीन की मौत, कई घायल

 


दुमका, 17 सितंबर (हि.स.)। जिला के तालझारी थाना क्षेत्र के देवघर बासुकीनाथ मुख्य मार्ग एनएच 114 ए पर नारगंजो गांव के समीप ऑटो और पिकअप वाहन की आमने सामने की टक्कर में तीन श्रद्धांलुओं की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में कई अन्य लोग घायल हो गये।

जानकारी के अनुसार ऑटो में सवार श्रद्धालु देवघर स्थित बाबाधाम में पूजा अर्चना के बाद बासुकीनाथ धाम दर्शन पूजन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान नारगंजो के समीप तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सामने से ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखचे उड़ गए। हादसे में बिहार के भागलपुर जिला के घोंघा थाना क्षेत्र निवासी नाटू महलदार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

वहीं गंभीर रूप से घायल दो लोगों की मौत अस्पताल ले जाने के दौरान हो गई। एक मृतक की पहचान रमाशंकर पंडा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही तालझारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शव को आवश्यक कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

हादसे में घायल लोगों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान दो की मौत हो गई है। देवघर में पूजा अर्चना के बाद बासुकीनाथ धाम की ओर बढ़ रहे श्रद्धालुओं का सफर अचानक हादसे के शिकार हो गये। एक ही घटना में तीन लोगों की मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है। तालझारी थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। पुलिस घटना के कारणों, वाहनों की गति और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। मृतकों के शवों के पोस्टमार्टम के भेज पुलिस कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार