सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने की जरूरत : नायक

 


रांची, 15 जून (हि.स.)।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने राज्य में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि पर चिंता जताते हुए सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने की मांग की है। उन्होंने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि हर वर्ष हजारों लोग सड़क हादसों में जान गंवा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या युवाओं, श्रमिकों और परिवार के कमाऊ सदस्यों की होती है।

ऐसे में सडक हादसे को जनआंदोलन के रूप में संकल्प के साथ काम करने की जरूरत है। नायक ने राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट की पहचान कर उनका शीघ्र सुधार, ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए आधुनिक निगरानी व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षित पैदल पार पथ विकसित करने की मांग की है। इसके साथ ही प्रमुख राजमार्गों पर ट्रॉमा सेंटर, एम्बुलेंस नेटवर्क और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया। नायक ने स्कूलों, कॉलेजों और पंचायत स्तर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने तथा हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar