रांची पुलिस ने किया बड़े सॉल्वर गैंग का खुलासा, छह गिरफ्तार, कई सामान जब्त
रांची, 10 मई (हि.स.)। एसएससी जीडी कांस्टेबल परीक्षा 2026 में छात्रों को पास करवाने के लिए सॉल्वर गैंग हाईटेक साजिश का रांची पुलिस ने खुलासा किया है। सटीक सूचना के आधार पर रांची पुलिस ने सीआईडी और इंडियन साइबर को-ऑर्डिनेशन सेंटर की सहायता से छह अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने रविवार को बताया कि एसएससी जीडी कांस्टेबल 2026 परीक्षा की प्रथम पाली की परीक्षा केन्द्र द फ्यूचरिस्टिक ऑनलाइन एग्जामेशन सेंटर (सेंटर कोड 160513) पर परीक्षा के दौरान लैब-01 के कुछ कंप्यूटर सिस्टम के मॉनिटर में सिस्टम का क्रशर अपने आप चलने की सूचना प्राप्त हुई थी। उक्त सूचना स्थानीय पुलिस को और प्रतिनियुक्त परीक्षा नोडल पदाधिकारी को भी दी गई।
सूचना प्राप्त होते ही रांची पुलिस की ओर से सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में कई टीम गठित कर विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए परीक्षा सेंटर के सेंटर सुपरीटेंडेंट और सेंटर आईटी हेड के साथ छह अभ्यर्थियों के विरुद्ध सुखदेवनगर (पंडरा) थाना में मामला दर्ज कराया गया।
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि परीक्षा के दौरान जांच में देखा कि 6 अभ्यर्थियों की कंप्यूटर स्क्रीन का क्रशर अपने आप ही चल रहा है। अभ्यर्थी सिर्फ कंप्यूटर को देख रहे थे और उनके प्रश्न पत्र अपने आप सॉल्व हो रहे थे। मामले में गहरी साजिश को देखते हुए उन्होंने तुरंत रांची पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सिटी एसपी के अनुसार, जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि सभी 6 कंप्यूटर का रिमोट एक्सेस कहीं और से था और सॉल्वर गैंग वहीं से प्रश्न को हल कर रहे थे। प्रश्न को सॉल्व करने के लिए किसी दूसरे शहर में मास्टर कंप्यूटर को तैयार किया गया था।
पुलिस की जांच में अब तक या जानकारी सामने आई है कि हरियाणा के सॉल्वर गैंग इस कांड में शामिल थे। छात्रों को पास करवाने के लिए 10-10 लाख रुपये में डील फाइनल हुई थी। इस परीक्षा के जरिए बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी आईटीबीपी और असम राइफल्स में कांस्टेबल की भर्ती होनी है।
घटनास्थल से पुलिस ने छह कंप्यूटर, दो सीसीटीवी का डीवीआर, दो फायरवॉल, एक एयरटेल का राउटर, एक जियो का राउटर, एक सीपीयू, छह एडमिट कार्ड, पांच मोबाईल, एक टैब बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों में ऋषिकेश कुमार यादव, आर्यन कुमार, राहुल कुमार, रवि रंजन कुजूर, राजकुमार और अनु कुमारी शामिल है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे