रांची में १३ दिसंबर को होगा हाईवे फैशन वीक सीजन-१० का आयोजन

 


रांची, 22 नवंबर (हि.स.)। राजधानी रांची में 13 दिसंबर 2026 को द हाईवे फैशन वीक सीजन-10 का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में जिम्मी मॉडल्स ग्रुप (जेएमजी) और श्रीधर डेवलपर के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस फैशन शो को लेकर रविवार को राजभवन के समीप एक्वा वर्ल्ड (मछली घर) में शो के लिए ऑडिशन आयोजित किया गया। इसमें मॉडल्स ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ऑडिशन में चिकू सिंह, डॉ डेज़ी सिन्हा, सागर श्रीध और अमित मिश्रा ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

आयोजन समिति के जिम्मी गुप्ता और सिद्धांत सिंह राजपूत ने बताया कि इस शो में देश-विदेश के नामचीन मॉडल्स और डिजाइनर्स के साथ झारखंड की प्रतिभाओं को भी मंच मिलेगा। 13 दिसंबर को रांची रेलवे स्टेशन के समीप होटल चाणक्य बीएनआर के पूल साइड में इसका आयोजन होगा। इस बार रैंप को विशेष रूप से हाईवे का स्वरूप दिया जाएगा, जहां मॉडल्स विभिन्न डिजाइनर्स के नवीनतम कलेक्शन प्रस्तुत करेंगे।

आयोजकों के अनुसार, जेएमजी पिछले नौ वर्षों से देशभर में इस फैशन शो का आयोजन कर रहा है। सीजन-9 रांची के होटल रेडिसन ब्लू और सीजन-8 नोएडा फिल्म सिटी में आयोजित हुआ था। इस बार स्थानीय मॉडल्स और उभरते डिजाइनर्स को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिभाओं के साथ मंच साझा करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों ने भविष्य में इस आयोजन को भारत के बाहर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की योजना भी जताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar