रांची में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई, 15 अस्थायी संरचनाएं हटाईं
रांची, 22 अगस्त (हि.स.)। रांची नगर निगम की ओर से शहर के मार्गों, फुटपाथों, सरकारी भूमि और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को निगम की इंफोर्समेंट टीम ने रांची वूमेंस कॉलेज, साइंस ब्लॉक मार्ग, परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक और वार्ड संख्या-06 के बांधगाड़ी क्षेत्र में विशेष अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया।
शैक्षणिक संस्थानों के आसपास अतिक्रमण के कारण सड़क और फुटपाथ का उपयोग प्रभावित होने के साथ यातायात पर भी दबाव बढ़ता है। इससे विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है। इसे देखते हुए रांची वूमेंस कॉलेज और साइंस ब्लॉक मार्ग पर अभियान चलाकर कुल 15 अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान चार काउंटर, दो टीन की दुकानें और अन्य सामग्री जब्त की गई।
निगम की कार्रवाई के बाद संबंधित मार्ग पर आवागमन सुगम हुआ तथा अनावश्यक जाम और भीड़ की स्थिति में कमी आई।
इसी क्रम में परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक के समीप शास्त्री मार्केट में दुकानों के आगे सड़क और सार्वजनिक स्थान पर बनाए गए दो बड़े काउंटरों को ध्वस्त कर जब्त किया गया। वहीं, वार्ड संख्या-06 के बांधगाड़ी क्षेत्र में सरकारी भूमि पर चिन्हित दो स्थायी दुकानों तथा एक मकान के छज्जे को हटाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि रांची नगर निगम का उद्देश्य शहर के सार्वजनिक स्थानों, फुटपाथों और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखते हुए नागरिकों के लिए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करना है।
निगम ने नागरिकों और व्यवसायियों से सार्वजनिक मार्ग, फुटपाथ एवं सरकारी भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने में निगम का सहयोग करने का आग्रह किया है। निगम ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अतिक्रमण और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे