रांची नगर निगम ने अभियान चलाकर 60 से अधिक अस्थायी संरचनाओं को हटाया
रांची, 11 जुलाई (हि.स.)। रांची नगर निगम की ओर से शहर को अतिक्रमण मुक्त और सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कर आम नागरिकों की आवाजाही को सुगम बनाना और विशेष रूप से शैक्षणिक संस्थानों एवं व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना था।
इसी क्रम में निगम की इंफोर्समेंट टीम ने मोरहाबादी रजिस्ट्री ऑफिस के समीप ऑक्सीजन पार्क की बाउंड्री वॉल से सटे क्षेत्र से सारन टोली क्षेत्र में अभियान चलाकर सड़क किनारे अवैध रूप से निर्मित किए गए 60 से अधिक अस्थायी संरचनाओं एवं दुकानों को हटाया। इस क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई थी, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था।
कार्रवाई के बाद मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात को सुचारु बनाया गया।
इसके अतिरिक्त रांची कॉलेज के समक्ष स्थित तिरुपति टावर के गिफ्ट डीड की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित रिया जेरॉक्स दुकान को हटाया गया। निगम ने स्पष्ट किया कि गिफ्ट डीड की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं है और सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
वहीं, शनि मंदिर, हरमू रोड के समीप पूर्व में मापी कर चिन्हित किए गए अतिक्रमण क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को हटाया गया। इसके अलावा भारत माता चौक क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाकर सडक को व्यवस्थित किया गया।
नगर निगम के आयुक्त सुशांत गौरव ने स्पष्ट किया कि रांची कॉलेज सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सडक किनारे अवैध अतिक्रमण के कारण विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। भीड़-भाड़ और अनावश्यक जमावड़े की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। अभियान के बाद इन क्षेत्रों में यातायात अधिक सुगम एवं सुरक्षित हुआ है।
उन्होंने सभी नागरिकों एवं दुकानदारों से अपील की है कि वे सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें और शहर की स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। निगम की ओर से भविष्य में भी अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित एवं सख्त अभियान जारी रखा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे