खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में राजद का धरना-प्रदर्शन

 


देवघर, 24 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय जनता दल प्रदेश कार्यालय के निर्देश पर गुरुवार को देवघर समाहरणालय गेट के समीप खनिज संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष फणीभूषण यादव ने की। धरना के बाद पार्टी की ओर से महामहिम राज्यपाल के नाम उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा गया।

धरना को संबोधित करते हुए राजद विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से लाए गए खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधेयक से झारखंड के गरीब, दलित और आदिवासी लोगों के हित प्रभावित होंगे एवं राज्य के विकास में बाधा उत्पन्न होगी।

सुरेश पासवान ने कहा कि जल, जंगल और जमीन पर झारखंडियों के अधिकार की रक्षा के लिए राजद संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जब तक इस विधेयक को वापस नहीं लेती, तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।

राजद जिलाध्यक्ष फणीभूषण यादव ने कहा कि यह विधेयक राज्य के विकास को प्रभावित करने वाला है और पार्टी इसका विरोध जारी रखेगी।

धरना-प्रदर्शन में भूतनाथ यादव, प्रमोद यादव, नित्यानंद केशरी, मनोरंजन कुमार, मुकेश यादव, बालेश्वर राव, लालमोहन मांझी, मुहम्मद जमील खान, हैदर खान, कांग्रेस यादव सहित कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy