चतरा में दो बच्चों की डूबने से मौत, नदी में नहाने के दौरान हुआ हादसा
चतरा, 04 सितंबर (हि.स.)।
चतरा सदर थाना क्षेत्र के कड़गु पटेर स्थित घुरणाडीह नदी में पिकनिक मनाने पहुंचे तीन नव युवकों में से दो की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
बरामद दोनों शव की पहचान चौर मोहल्ला निवासी अंश प्रकाश और ढंगरटोली निवासी प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 12-14 साल की है। तीसरे का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों से जानकारी के अनुसार तीनों युवक शुक्रवार को नदी के समीप पिकनिक मनाने पहुंचे थे। नहाने से पहले उन्होंने मौके पर पास्ता बनाकर खाया था। इसके बाद तीनों नदी में नहाने चले गए। कुछ देर बाद सड़क किनारे और नदी किनारे दो युवकों के शव मिले।
सूचना पर सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की।
घटनास्थल से तीन जोड़ी चप्पल, दो स्कूल बैग, माचिस, मलहम, डेटोल, डिस्पोजल प्लेट-कटोरी और पानी की बोतल समेत कई सामान बरामद हुए हैं।
बताया जा रहा है कि तीसरे युवक को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अस्पताल ले जाने की चर्चा थी लेकिन अस्पताल में उसके भर्ती होने की पुष्टि नहीं हुई।
पुलिस आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रही है। दो शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही दोनों युवकों की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी