स्थापना दिवस समारोह की प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र बना रिम्स-2 का 3डी मॉडल

 


-मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, साइंस सेंटर और रिसर्च सेंटर के रूप में विकसित करने की परिकल्पना

रांची, 28 नवंबर (हि.स.)। राजधानी रांची के खेलगांव में आयोजित झारखंड स्थापना दिवस समारोह की प्रदर्शनी में प्रस्तावित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान-2 (रिम्स-2) परियोजना का 3डी आर्किटेक्चर मास्टर प्लान मॉडल लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शनी में पहुंचकर इस महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य परियोजना की संरचना और प्रस्तावित स्वरूप को देख रहे हैं।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विजन के अनुरूप झारखंड में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रिम्स-2 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसे मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, साइंस सेंटर और रिसर्च सेंटर के रूप में विकसित करने की परिकल्पना है।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य राज्य में चिकित्सा शिक्षा, आधुनिक उपचार और मेडिकल रिसर्च को नई ऊंचाई देना है। इसके विकसित होने से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और चिकित्सा के क्षेत्र में झारखंड की पहचान भी मजबूत होगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य ढांचे को आधुनिक बनाने और आम लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह सहित मंत्री, विधायक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar