रिम्स में एक इंच के चीरे से ब्रेन ट्यूमर का सफल ऑपरेशन

 


रांची, 24 अक्टूबर (हि.स.)।

राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के न्यूरोसर्जरी विभाग ने जटिल ब्रेन ट्यूमर का सफल ऑपरेशन कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

धनबाद निवासी सोनिया खातून (42) न्यूरोफाइब्रोमैटोसिस और ओलिगोडेंड्रोग्लियोमा नामक ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित थीं। चिकित्सकों ने मस्तिष्क में लगभग एक इंच का चीरा लगाकर ट्यूमर निकालने की सर्जरी की। रिम्स की ओर से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मरीज की अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण ऑपरेशन और एनेस्थीसिया देना चुनौतीपूर्ण था। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों से चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक मंजूरी ली गई। इसके बाद न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ आनंद प्रकाश के नेतृत्व में ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मरीज फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में हैं। स्वास्थ्य में सुधार होने पर उनके सामान्य दैनिक जीवन में लौटने की उम्मीद है। रिम्स ने इस सफलता का श्रेय न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय, सटीक सर्जिकल योजना और चिकित्सकीय दक्षता को दिया। संस्थान झारखंड के मरीजों को उन्नत न्यूरोसर्जिकल उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। सर्जरी में डॉ नारायण और डॉ कुमार दीपक भी शामिल रहे। वहीं, एनेस्थीसिया टीम में डॉ मुकेश, डॉ राजेश, डॉ वशिष्ठ, डॉ क्षितिज और डॉ अधिश्री ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar