रिम्स निदेशक डीके सिन्हा को मिला छह माह का सेवा विस्तार

 


रांची, 02 नवंबर (हि.स.)। राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची के निदेशक प्रो. (डॉ.) दिपेन्द्र कुमार सिन्हा को झारखंड सरकार की ओर से छह माह का सेवा विस्तार दिया गया है। इस संबंध में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से सोमवार को अधिसूचना जारी की गई है।

सरकारी अधिसूचना के अनुसार, डॉ. सिन्हा 1 नवंबर 2026 से 30 अप्रैल 2027 तक अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, रिम्स निदेशक की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि रिम्स शासी परिषद की 66वीं बैठक में संस्थान के निदेशक को सेवा विस्तार देने के प्रस्ताव पर निर्णय लिया गया था। डॉ. सिन्हा 31 अक्टूबर 2026 को अपनी निर्धारित सेवानिवृत्ति आयु पूरी कर चुके थे। संस्थान के प्रशासनिक, वित्तीय एवं शैक्षणिक कार्यों के सुचारु संचालन तथा चिकित्सा सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने उनकी सेवा अवधि में छह माह का विस्तार देने का निर्णय लिया है।

इस अवसर पर रिम्स के डीन, चिकित्सा अधीक्षक, सब-डीन, अपर चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रो. (डॉ.) डी.के. सिन्हा को सेवा विस्तार मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके सफल कार्यकाल एवं संस्थान के निरंतर विकास के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे