एसआईआर के सवाल उठते ही भाजपा के पेट में दर्द शुरू : राकेश

 


रांची, 11 अक्टूबर (हि.स.)। एसआईआर के सवाल पर भाजपा के पेट दर्द शुरू होने लगती है। भाजपा को बीएलए का बहाना बनाकर लोकतांत्रिक विरोध को बदनाम करने की कोशिश को बंद करना चाहिए। यह बातें प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कही।

उन्होंने एसआईआर को लेकर कांग्रेस के आंदोलन पर भाजपा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति अब सवालों का जवाब देने के बजाय सवाल पूछने वालों को बदनाम करने तक सिमट गई है। जब कांग्रेस मतदाता सूची की पारदर्शिता, पात्र मतदाताओं के नाम और मतदान के अधिकार की सुरक्षा पर सवाल उठाती है, तो भाजपा को जवाब देने के बजाय राजनीतिक अवसरवाद याद आने लगता है। भाजपा बताए कि उसे मतदाता के अधिकार की चिंता है या केवल कांग्रेस के आंदोलन को बदनाम करने की बेचैनी है।

राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता का बयान राजनीतिक हताशा का नहीं, बल्कि जवाबदेही से बचने की कोशिश का उदाहरण है। भाजपा कांग्रेस से बीएलए की संख्या पूछ रही है, लेकिन यह नहीं बता रही कि मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों के समाधान, पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर वह कौन-सा ठोस पक्ष रखती है। बीएलए का नाम लेकर भाजपा मतदाता के मूल सवाल को दबा नहीं सकती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak