फ्रांस पहुंचीं झारखंड की साइकिलिस्ट सरिता, यूरोपियन सर्किट में दिखाएंगी दम
रांची, 18 जून (हि.स.)।
झारखंड की उभरती साइकिलिस्ट सरिता कुमारी वर्ल्ड स्पोर्ट्स एक्सपोजर टूर के तहत भारतीय टीम के साथ फ्रांस के हैयेरपहुंच गई हैं। झारखंड साइकलिंग एसोसिएशन ने इसे राज्य के खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक ने बताया कि सरिता कुमारी को वर्ल्ड स्पोर्ट्स एक्सपोजर टूर के दौरान उन्हें एक माह तक यूरोपियन सर्किट में आयोजित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय साइकिलिंग प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें विश्वस्तरीय खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और तकनीकी अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा।
उन्होंने बताया कि सरिता अपने साथ झारखंड सरकार के खेल विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई साइकिल भी फ्रांस लेकर गई हैं। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस दौरे से उनके प्रदर्शन में और निखार आएगा और भविष्य में बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए उनकी तैयारी मजबूत होगी। भारतीय टीम में सरिता के चयन पर झारखंड साइकलिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सदस्यों और साथी खिलाड़ियों ने खुशी जताई है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि सरिता आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रमुख प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए देश और झारखंड का नाम रोशन करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar