श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम जलार्पण कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मंत्री
देवघर, 01 जून (हि.स.)। आगामी श्रावणी मेला 2026 के सफल संचालन को लेकर राज्य सरकार तैयारियों में जुटी हुई है। इसी क्रम में सोमवार को पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू देवघर पहुंचे और स्थानीय सर्किट हाउस में देवघर और दुमका जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी सहित दोनों जिलों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थेे। बैठक के दौरान मंत्री ने श्रावणी मेला की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान देवघर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम जलार्पण कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए श्रद्धालुओं के ठहराव, स्वास्थ्य सेवाओं, शौचालय, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि पिछली समीक्षा बैठक के आधार पर एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ टेंडर प्रक्रिया और अन्य आवश्यक कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि लगभग 90 प्रतिशत प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं और अब केवल कुछ औपचारिक अनुपालन (कम्प्लायंस) संबंधी कार्य शेष हैं।
उन्होंने कहा कि बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा की गई। पिछले वर्ष देवघर-बासुकीनाथ मार्ग पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) और रेलवे विभाग के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया है और संबंधित कार्यों को समय पर पूरा करने का आश्वासन मिला है।
मंत्री ने बताया कि देवघर और दुमका जिला प्रशासन की ओर से मेले के लिए आवश्यक संसाधनों एवं बजट की मांग संबंधी सूची प्राप्त हो चुकी है। रांची में संबंधित विभागों के साथ विचार-विमर्श कर समय पर राशि आवंटित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बैठक में झामुमो जिला अध्यक्ष संजय शर्मा, सुरेश साह, नीलम देवी, अजय नारायण मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी भी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy