सभी बार और रेस्टोरेंट का नियमित निरीक्षण करने का उपायुक्त ने दिया निर्देश

 


देवघर, 02 जून (हि.स.)। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उत्पाद विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले में उत्पाद विभाग की कार्यप्रणाली, राजस्व प्राप्ति और कानून-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में संचालित सभी बार और रेस्टोरेंट का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिया।

उन्होंने सभी खुदरा उत्पाद दुकानों की सतत निगरानी करने और शराब की बिक्री केवल निर्धारित एमआरपी पर ही सुनिश्चित कराने के लिए सख्त कार्रवाई करने को कहा। उपायुक्त ने दुकानों में सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरों को पूर्ण रूप से कार्यशील रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जिलेभर में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश भी दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि उत्पाद विभाग के माध्यम से राजस्व संग्रहण के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को अवैध शराब के विरुद्ध लगातार और प्रभावी कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया। बैठक में उत्पाद अधीक्षक, जिला योजना पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy