रांची के 11 सेवानिवृत्त शिक्षकों को उपायुक्त ने किया सम्मानित
रांची, 01 जुलाई (हि.स.)। जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को समाहरणालय स्थित ब्लॉक-ए के कॉन्फ्रेंस हॉल में पेंशन दरबार सह सेवानिवृत्ति विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिले के 11 सेवानिवृत्त शिक्षकों और दो कर्मचारियों को उनके लंबे, निष्ठापूर्ण और अनुकरणीय सेवा योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षक-कर्मियों में मुख्य रूप से सुरेंद्र महतो, प्रभा जयंती बेक मिंज, पूनम आइंद, जया कुमारी रजक, आशा शंखवार, दिनेश प्रसाद केसरी, शाहीन कहकशां, सरोजिनी कुजूर, ऐस्कर टोपनो, अब्दुल क्यूम, बेंजामिन होरो, मीरा कुमारी और कमला भगत के नाम शामिल हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने सभी को स्मृति चिह्न, शॉल, प्रशस्ति पत्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित करने के साथ सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशनरी लाभ उपलब्ध कराया। मौके पर उपायुक्त ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माणकर्ता और राष्ट्र के भविष्य के शिल्पकार होते हैं। उनकी निष्ठा, समर्पण और ज्ञान से नई पीढ़ी का भविष्य संवरता है।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी पेंशनरी लाभ उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की शिक्षकों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उपायुक्त ने सेवानिवृत्त शिक्षकों से समाज और नई पीढ़ी के मार्गदर्शन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए उनके स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना की।
अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय और स्थापना उप समाहर्ता ज्योति वंदना कुजूर ने भी शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar