जेएसएससी परीक्षा को लेकर तीन केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा
रांची, 03 सितंबर (हि.स.)। कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की कम्बाइंड हिन्दी ट्रांस्लेटर एंड स्टेनोग्राफी ग्रेड-सी एंड डी एक्जामिनेशन 2026 के कदाचार मुक्त संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची के तीन परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की गई है। रांची सदर के अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 के तहत गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी किया।
परीक्षा रांची के तीन केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इनमें आईडीयल इंटरनेशनल स्कूल, दलादिली, कैप्सटन टेक ऑनलाइन एक्जामिनेशन सेंटर, कांके और कैम्ब्रिज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, टाटीसिलवे शामिल हैं। परीक्षा 09 से 12 सितंबर तक तीन पालियों में आयोजित होगी।
जारी आदेश के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एक स्थान पर एकत्र होने पर रोक रहेगी। इसके अलावा ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल, अस्त्र-शस्त्र अथवा हरवे-हथियार लेकर चलने तथा किसी प्रकार की बैठक या आमसभा आयोजित करने पर भी प्रतिबंध रहेगा।
हालांकि, सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी एवं कर्मचारियों तथा शवयात्रा को निषेधाज्ञा से छूट दी गई है।
आदेश के अनुसार, 08 सितंबर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक, 09 सितंबर को सुबह पांच बजे से रात 9:30 बजे तक तथा 11 और 12 सितंबर को सुबह 4:30 बजे से रात 10:30 बजे तक निषेधाज्ञा प्रभावी रहेगी।
प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है। प्रशासन ने परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar