राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पर देवघर में पत्रकारों का सम्मान, आर्थिक सुरक्षा का मुद्दा उठा

 


देवघर, 16 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर तिलक सेवा समिति की ओर से बचपन प्ले स्कूल, श्रीकांत रोड, देवघर में भव्य पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में देवघर शहर के दर्जनों वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित पत्रकारों को अंगवस्त्र एवं सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया। समिति के सदस्यों ने कहा कि समाज के सजग प्रहरी और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारों को सम्मानित करना उनके लिए गौरव की बात है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समिति के केंद्रीय अध्यक्ष हरे कृष्ण राय ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है। विषम परिस्थितियों में भी अपनी जान जोखिम में डालकर पत्रकार सच्चाई को सामने लाने का काम करते हैं। समाचार पत्रों और न्यूज चैनलों के माध्यम से पत्रकार आम जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के साथ ही समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में पत्रकारों का सम्मान करना प्रत्येक सामाजिक, राजनीतिक एवं गैरराजनीतिक संगठन की नैतिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने झारखंड सरकार से मांग करते हुए कहा कि पत्रकारों को कम से कम 25 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देने की व्यवस्था की जाए, ताकि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में कार्य कर रहे पत्रकार अपने परिवार का समुचित भरण-पोषण कर सकें। इसके साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य में पत्रकार प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा के लिए सरकार को गंभीरता से पहल करनी चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता निर्भीक, निष्पक्ष एवं निडर पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले अध्यक्ष जेम्स नवाब ने की। उन्होंने अपने संबोधन में पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वहीं, समिति की संरक्षिका रूपाश्री ने भी पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए उनके हितों से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें रखीं।

इस अवसर पर समिति के राकेश कुमार राय, संरक्षक एवं शिक्षक बिपिन कुमार मालवीय, प्रशांत कुमार सिन्हा, शिवशंकर सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे। समारोह के माध्यम से पत्रकारिता के प्रति सम्मान प्रकट करने के साथ ही पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवनयापन की जरूरत पर भी जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy