हमारे बुजुर्ग, परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर : डॉ अभिप्सा

 


रांची, 15 जून (हि.स.)। विश्व वृद्ध दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर रांची स्थित ईएसआईसी अस्पताल में सोमवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि के रूप में मनोचिकित्सा विशेषज्ञ डॉ अभिप्सा ने कहा कि बुजुर्ग परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। बुर्जुगों के प्रति सम्मान करना हर किसी का दायित्व है। वर्तमान समय में कई बुजुर्ग उपेक्षा, अकेलेपन और दुर्व्यवहार का सामना कर रहे हैं, जो चिंता का विषय है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह बुजुर्गों के प्रति सम्मान, प्रेम और संवेदनशीलता का भाव रखे तथा उनके लिए सुरक्षित और गरिमापूर्ण वातावरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के प्रति होने वाले शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं आर्थिक शोषण के प्रति लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। बुजूर्गों की सम्मान और अधिकारों की रक्षा के प्रति समाज को संवेदनशील बनाना होगा। इस दौरान बुजुर्गों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों को वृद्धजनों के प्रति सकारात्मक व्यवहार अपनाने और उनके सम्मान की रक्षा के लिए जागरूक किया गया।

मौके पर चिकित्सकों, कर्मचारियों और मरीजों ने सामूहिक रूप से बुजुर्गों के सम्मान, उनकी देखभाल और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन नोडल ऑफिसर डॉ कश्मीरा जिलानी और डॉ सृष्टि ने किया।

कार्यक्रम में डॉ नयनिका, डॉ स्वेता, डॉ विजेता, डॉ स्वेतनीषा सहित अन्य चिकित्सक मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar