झारखंड भवन में अधिकारियों के पास और सुविधाओं को लेकर रेजिडेंट कमिश्नर ने की बैठक

 


रांची, 01 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड सरकार के रेजिडेंट कमिश्नर अरवा राजकमल ने नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन में गृह मंत्रालय के मुख्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार चतुर्वेदी के साथ बैठक की। इसमें झारखंड सरकार के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रवेश पास, सरकारी वाहनों के पास और उनके नवीनीकरण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय की ओर से गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि बैठक में पास की संख्या बढ़ाने और पास जारी करने की प्रक्रिया को आसान बनाने पर भी विचार किया गया। साथ ही सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को सरकारी कामकाज में होने वाली परेशानियों को दूर करने पर जोर दिया गया।

अरवा राजकमल ने कहा कि अधिकारियों, कर्मचारियों और सरकारी वाहनों के लिए पास जारी करने और उनके नवीनीकरण के लिए संबंधित विभागों के साथ बेहतर तालमेल जरूरी है। इससे सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सरकारी कामकाज को सुचारु रूप से चलाने में मदद मिलेगी।

बैठक में दिल्ली में रहने वाले झारखंड के लोगों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई. उनकी जरूरतों को समझने और समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ संपर्क बनाए रखने पर विचार किया गया। इसके अलावा झारखंड भवन और केंद्र व राज्य सरकार के विभिन्न कार्यालयों में काम करने वाले अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर भी जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे