चुनाव आयोग बना वन-मैन शो, बर्खास्त हों ज्ञानेश कुमार : विनोद

 


रांची, 23 सितंबर (हि.स.)।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सामने आई रिपोर्ट के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की मांग की है।

उन्होंने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि चुनाव आयोग तीन सदस्यों की संवैधानिक संस्था है, इसे किसी एक व्यक्ति का निजी कार्यालय नहीं बनाया जा सकता।

पांडेय ने द इंडियन एक्सप्रेस की जांच रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने 10 महीनों में कम से कम 14 बार आयोग के फैसलों और आदेशों पर लिखित आपत्ति दर्ज की। रिपोर्ट के अनुसार ये आपत्तियां मतदाता सूची में नाम जोड़ने-काटने, फॉर्म-6 में बदलाव और चुनावी डेटा के केंद्रीकरण सहित अन्य मुद्दों से जुड़ी थीं।

विनोद पांडेय ने कहा कि दोनों चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों के बावजूद फैसले लिए जाने को लेकर आयोग की पारदर्शिता और संस्थागत स्वतंत्रता पर सवाल उठते हैं। पांडेय ने पूछा कि इन आपत्तियों पर क्या कार्रवाई हुई और दोनों आयुक्तों की जानकारी के बिना फैसले कैसे लिए गए। वहीं एसआईआर को लेकर उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम प्रभावित होना गंभीर विषय है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से मामले का संज्ञान लेने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar