डालसा ने बैठक कर मोटर व्हीकल्स के मामलों के त्वरित निष्पादन पर दिया जोर
रामगढ़, 21 अप्रैल (हि.स.)। कोर्ट में लंबित मामलों के बोझ को कम करने और आम लोगों को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में रामगढ़ व्यवहार न्यायालय में अहम पहल शुरू हो गई है। मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आयोजित बैठक में मोटर व्हीकल्स एक्ट से जुड़े मामलों के जल्द निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला और सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार मो तौफीकुल हसन ने की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में आयोजित बैठक में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और इंश्योरेंस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में अध्यक्षता कर रहे न्यायाधीश तौफीकुल हसन ने साफ शब्दों में कहा कि मोटर व्हीकल्स एक्ट से जुड़े मामलों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से इंश्योरेंस कंपनियों और अधिवक्ताओं को निर्देशित किया कि वे अधिक से अधिक मामलों को आपसी सहमति से सुलझाने की दिशा में पहल करें, ताकि पीड़ितों को जल्द मुआवजा मिल सके।
बैठक का मुख्य फोकस आगामी 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत पर रहा। रामगढ़ में इस लोक अदालत को लेकर विशेष तैयारी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का मानना है कि मोटर दुर्घटना से जुड़े मुआवजा मामलों का त्वरित समाधान संभव होगा। लंबित मामलों का दबाव कम होगा और पीड़ित पक्ष को वर्षों तक न्याय के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
बैठक में यह बात भी उभरकर सामने आई कि मामलों के सफल निष्पादन के लिए सभी संबंधित पक्षों का सहयोग जरूरी है। इसमें इंश्योरेंस कंपनियां, अधिवक्ता, वादकारी (दोनों पक्ष), न्यायाधीशों ने इस बात पर जोर दिया कि लोक अदालत एक ऐसा मंच है, जहां बिना लंबी कानूनी प्रक्रिया के आपसी सहमति से समाधान संभव है।
बैठक में जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम विशाल श्रीवास्तव, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) उत्तम सागर राणा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार अनिल कुमार, जज इंचार्ज हर्षित तिवारी सहित इंश्योरेंस कंपनियों के अधिवक्ता और मोटर व्हीकल एक्ट मामलों से जुड़े प्रथम पक्ष के वकील भी शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश