भीषण गर्मी में राहत के लिए प्रशासन ने की प्याऊ की व्यवस्था
देवघर, 23 मई (हि.स.)। उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देश पर जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए आम जनजीवन को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। तीव्र धूप और लू (हीट वेव) से सबसे अधिक प्रभावित हो रहे महिलाओं, बच्चों और राहगीरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे जिले में व्यापक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इस कड़ी में जिले के सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों और ग्रामीण हाट-बाजारों में, जहां लोगों का आवागमन अधिक होता है, वहां प्याऊ (पेयजल केंद्र) स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्य से आने वाले आम लोग और आवेदकों की सुविधा के लिए कार्यालय परिसरों के बाहर भी ठंडे एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की गई है।
इस संबंध में मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने भी निर्देश जारी किया है। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि किसी भी प्याऊ केंद्र पर पानी की कमी नहीं होनी चाहिए। सभी केंद्रों पर पूरे दिन पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय निकायों और ग्राम पंचायतों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही पेयजल की शुद्धता और स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से पानी की टंकियों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy